घोड़ा विवाद पर विधानसभा में हंगामा

  1. Home
  2. Uttarakhand

घोड़ा विवाद पर विधानसभा में हंगामा

घोड़े के घायल होने के मामले पर भाजपा विधायक गणेश जोशी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने को लेकर बुधवार को भाजपा ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। भाजपा ने रावत सरकार पर घायल घोड़े के नाम पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया। वहीं मुख्यमंत्री ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से नकार


घोड़े के घायल होने के मामले पर भाजपा विधायक गणेश जोशी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने को लेकर बुधवार को भाजपा ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। भाजपा ने  रावत सरकार पर घायल घोड़े के नाम पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया। वहीं मुख्यमंत्री ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से नकार दिया।

विधानसभा में घोड़े के घायल होने के मामले पर नियम 58 के तहत चर्चा हुई। चर्चा में कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा विधायक मदन कौशिक ने भाजपा के प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को घोड़े से कुचलने का भी आरोप लगाया। साथ ही कौशिक ने मुख्यमंत्री रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि रावत घायल घोड़े को तो देखने के लिए अस्तबल पहुंचे लेकिन घायल भाजपा कार्यकर्ताओं की सुध तक उन्होंने नहीं ली।

वहीं इस मामले पर आरोपों में घिरे भाजपा विधायक गणेश जोशी ने सरकार पर निशाना साधते हुए उन्हें इस मामले में साजिशन फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने खुद को पाक साफ बताते हुए कहा कि अगर उन पर दोष साबित हुआ तो उनकी भी एक टांग सजा के तौर पर काट दी जाए। साथ ही जोशी ने उन पर दर्ज मुकदमे को फर्जी बताते हुए मुकदमा वापस लेने की भी मांग की।

वहीं मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस मामले में पुलिस का बचाव करते हुए कहा भाजपा ने अधिकारियों का सम्मान नहीं किया। साथ ही रावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग की बात से इंकार करते हुए पुलिस के संयम की सराहना की। वहीं मुख्यमंत्री ने घोड़े को पुलिस का सिपाही बताते हुए कहा कि घायल घोड़े को देखने जाना उनका कर्तव्य था।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे