राज्य में विकलांग अधिकार पत्र की व्यवस्था करेगी सरकार: रावत

  1. Home
  2. Dehradun

राज्य में विकलांग अधिकार पत्र की व्यवस्था करेगी सरकार: रावत

राज्य में विकलांग अधिकार पत्र की व्यवस्था की जाएगी। इसमें विकलांगजनों को राज्य सरकार से मिलने वाले अधिकारों व सुविधाओं का जिक्र होगा। विक्षिप्त व्यक्तियों की पत्नियों को दी जाने वाली पेंशन की राशि को 1200 रूपए से बढ़ाकर 1500 रूपए किया जाएगा। न्यू कैंट रोड़ स्थित सीएम आवास में हरियाली तीज पर आयोजित कार्यक्रम


राज्य में विकलांग अधिकार पत्र की व्यवस्था की जाएगी। इसमें विकलांगजनों को राज्य सरकार से मिलने वाले अधिकारों व सुविधाओं का जिक्र होगा। विक्षिप्त व्यक्तियों की पत्नियों को दी जाने वाली पेंशन की राशि को 1200 रूपए से बढ़ाकर 1500 रूपए किया जाएगा। न्यू कैंट रोड़ स्थित सीएम आवास में हरियाली तीज पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ये घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन महिला सशक्तीकरण से ही सम्भव है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए कई महत्वूपर्ण पहलें की गई हैं। गांव-गांव में महिला उद्यमी तैयार करने के लिए ‘‘मुख्यमंत्री महिला सतत् आजीविका योजना’’ प्रारम्भ की गई है। महिला स्वयं सहायता समूहों व महिला मंगल दलों की विकास में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना’ प्रारम्भ करते हुए, इस वर्ष हम 12 हजार से अधिक महिला स्वयं सहायता समूहों को लाभान्वित करने जा रहे हैं। परम्परागत फसलों व हस्तशिल्प में कार्यरत महिला स्वयं सहायता समूहों को उनके वार्षिक टर्न ओवर पर 5 प्रतिशत का बोनस दिया जाएगा। साथ ही 5 हजार रूपए की सीड केपिटल उपलब्ध करवाते हुए इनके बैंक खाते राज्य सरकार खुलवाएगी। हम दो महिला उद्यमिता पार्क स्थापित करने जा रहे हैं। महिला उद्यमियों व महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए उद्यमिता-हाट बनाए जाएंगे।
रावत ने कहा कि हमने लैंगिक असमानता दूर करने के लिए ‘हमारी कन्या हमारा अभिमान’ योजना शुरू की है। कन्याधन योजना, गौरादेवी कन्याधन योजना की सहायता राशि में बढ़ोतरी की गई है। गर्भवती बहनों को विशेष पौष्टिक तत्वोंयुक्त अनाज, मंडुवा, भट्ट व नमक उपलब्ध करवाया जा रहा है। इससे जच्चा-बच्चा मृत्यु दर में कमी देखने को मिली है। ’हमारे बुजुर्ग-हमारे तीर्थ’ के तहत, हम चार धामों के अतिरिक्त, श्री नानकमत्ता, श्री रीठासाहिब, कलियर शरीफ व सम्मेदशिखर एवं निजामुद्दीन ओलिया की दरगाह की यात्रा को भी सम्मिलित कर चुके हैं।

उत्तराखण्ड महिला सम्मानित राज्य है। पुलिस में अतिरिक्त महिला बटालियनें गठित की जाएंगी। महिला कांस्टेबल, व महिला सब-इंस्पेक्टरों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।  होमगार्ड व पी0आर0डी0 में, अगले तीन वर्षों में, 30 प्रतिशत अतिरिक्त संख्या बढ़ाई जायेगी। यह समस्त भर्तियां महिलाओं की होंगी। हैण्डीक्राफ्ट व हैण्डलूम के महिला कलस्टर विकसित किये जायेंगे। अगले तीन वर्ष में 20 हजार महिला उद्यमी तैयार किये जायेंगे। नन्दा देवी सेन्टर आॅफ एक्सिलेंस फाॅर हैण्डलूम एण्ड नेचुरल फाइबर्स स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री रावत ने इस अवसर पर महिला कांग्रेस की ओर से बसंती बिष्ट, रामिंद्री मंद्रवाल, पार्वती पाण्डे, तृप्ति भट्ट, गल्जवाड़ी की प्रधान लीली शर्मा सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सरोजिनी कैन्त्यूरा, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्या, अनुपमा रावत आदि उपस्थित थे।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे