उत्तराखंड से बड़ी ख़बर | धामी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी, चुनाव के बाद धामी ही बनेंगे अगले मुख्यमंत्री

  1. Home
  2. uttarakhand-election

उत्तराखंड से बड़ी ख़बर | धामी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी, चुनाव के बाद धामी ही बनेंगे अगले मुख्यमंत्री

Dhami

भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को देहरादून में कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही चुनाव के बाद राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। जोशी ने देहरादून में एक कार्यक्रम में कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में ही चुनाव होगा।


 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में चुनाव से पहले बड़ी ख़बर है। जिस सवाल का जबाव हर कोई जानना चाहता था उसका जवाब आखिरकार मिल ही गया है। बीजेपी ने साफ कर दिया है कि पुष्कर सिंह धामी ही आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद मुख्यमंत्री होंगे।

भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को देहरादून में कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही चुनाव के बाद राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। जोशी ने देहरादून में एक कार्यक्रम में कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में ही चुनाव होगा।

जोशी ने बीजेपी दफ्तर में मीडिया से बात करते हुए एक सवाल के जवाब में कहा- मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में चुनाव होगा और इसमें कोई संदेह नहीं कि चुनाव के बाद वही मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी साठ पार के लक्ष्य को पूरा करेगी और उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को अवसर देगी।

जोशी ने कहा कि अटल जी ने राज्य बनाया और उनकी सरकार जाने के बाद यूपीए के 10 साल के कालखंड में कुछ नहीं हुआ। मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने जबरदस्त विकास किया। उन्होंने कोर्ट का आभार जताया और न्यायालय में मजबूत पैरवी करने के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान प्रह्लाद जोशी ने संगठन में अनुशासन के सवाल पर कहा कि उनकी एक-एक नेता से बात हुई है, पार्टी लाइन कोई नहीं तोड़ेगा। वहीं विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों के आवंटन के सवाल को उन्होंने टाल दिया।

जोशी ने इस दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने तंज किया कि कांग्रेस की दुर्दशा हो चुकी है और उत्तराखंड में उसे उम्मीदवारों को ढूंढने के लिए दूरबीन लेकर जाना पड़ रहा है।

जोशी ने कहा कि कांग्रेस अब भूतकाल की पार्टी है। उसके नेता और विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस के लोग यह समझ गए हैं कि भाजपा ही वर्तमान और भविष्य है। कांग्रेस उत्तराखंड में यह भ्रम फैलाने की कोशिश रही है कि एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस। पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता हमें फिर से बहुमत देगी। भाजपा साठ पार की घोषणा को पूरा करेगी।

जोशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक झूठ फैलाने का कोशिश कर रही है। फौजी को दिखाकर वोट मांगने का कोशिश कर रही है जबकि केजरीवाल सरकार ने फौजियों का घोर अपमान किया था। जब हमारे वीर सैनिकों ने पाकिस्तान के ऊपर सर्जिकल स्ट्राइक किया था, पाकिस्तान ने ट्वीट किया कि हम पर हमला हो गया।  लेकिन केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा। उन्होंने आप की फ्री बिजली की घोषणा पर कहा कि यह दिल्ली वाले जानते हैं कि चुनाव के बाद चार से पांच गुना बिजली का बिल आता है। 

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे