बद्रीनाथ से लौट रहे यात्रियों से भरी बस का ब्रेक फेल, सड़क किनारे लटकी, मची अफरा-तफरी
चमोली (उत्तराखंड पोस्ट) बद्रीनाथ धाम से 25 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही एक बस लामबगड़ के पास अचानक तकनीकी खराबी के चलते अनियंत्रित हो गई।
बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक फेल होने और स्टेयरिंग लॉक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस गलत दिशा में मुड़ गई और सड़क किनारे लगे एक बड़े पत्थर से जा टकराई।
घटना के दौरान बस के नीचे गहरी खाई में उफनती अलकनंदा नदी बह रही थी। ऐसे में यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और बस के भीतर चीख-पुकार शुरू हो गई। हालांकि, सड़क किनारे मौजूद बड़ा पत्थर बस के लिए सुरक्षा कवच बन गया और नदी की ओर जाने से पहले ही बस उससे टकराकर रुक गई। इस तरह एक पत्थर ने बस में सवार 25 यात्रियों की जान बचा ली।
पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही थाना गोविंदघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
क्रेन की मदद से हटाई गई बस
हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से बस को सुरक्षित स्थान पर हटवाया। इसके बाद यात्रियों के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई। सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया गया। अगर बस पत्थर से टकराकर नहीं रुकती, तो वाहन के अलकनंदा नदी की ओर खाई में गिरने की आशंका थी। ऐसे में यह हादसा बड़े नुकसान में बदल सकता था। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं।