बदरीनाथ हाईवे पर हादसा, तीर्थयात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी ,मची चीख-पुकार

 

ऋषिकेश( उत्तराखंड पोस्ट)  चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की एक बस रविवार शाम बदरीनाथ हाईवे पर शिवपुरी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई।

 

 

हादसा मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास हुआ। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 25 लोग सवार थे। हादसे में सात यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार बस संख्या UK14PA0605 बदरीनाथ से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान चलते समय चालक की ओर की खिड़की अचानक खुल गई। खिड़की बंद करने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। पुलिस ने बताया कि बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और सभी सुरक्षित हैं।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया और यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।

हादसे में घायल यात्री

  • सोनम गुप्ता (28) पुत्री ज्ञानचंद
  • मुन्नी देवी (56) पत्नी ज्ञानचंद
  • चंद्र प्रकाश गुप्ता (62) पुत्र रामचरण
  • संजय चौरसिया (59) पुत्र पन्नालाल
  • सीता देवी (38) पत्नी राम प्रसाद
  • कुमारी शबनम (32) पत्नी अभिमन्यु
  • मनीष गिरी (44)

सभी घायल यात्री लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।