चारधाम समेत उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के चारधाम सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सोशल मीडिया एवं ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद राज्य की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

 

 

धमकी के मद्देनजर चारों धामों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त निगरानी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत अन्य धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने डीजीपी, गृह सचिव और संबंधित अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी फोन पर वार्ता कर बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने यात्रा मार्गों और मंदिर परिसरों में निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

धमकी मिलने के बाद चारधाम क्षेत्रों में पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवानों को अतिरिक्त सतर्कता के साथ तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मंदिर परिसरों, पार्किंग स्थलों और यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी कर रही हैं।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी के स्रोत और उद्देश्य का पता लगाने में जुटी हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संचालित हो रही है।