बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

 

चमोली(उत्तराखंड पोस्ट) विश्व प्रसिद्ध भगवान बदरीविशाल धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

 

 

 

वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच कपाट बंद होने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत समापन हो गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट

कपाट बंद होने से पहले मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की गई। मुख्य पुजारी (रावल) अमरनाथ नंबूदरी ने सखी का रूप धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बद्रीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके बाद भगवान बद्रीविशाल को माणा गांव की परंपरा के अनुसार तैयार किया गया घृत कंबल ओढ़ाया गया।

सभी धार्मिक परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सोमवार रात निर्धारित समय पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे थे।

बदरीनाथ धाम में दर्शनार्थियों का नया रिकॉर्ड

चारधाम यात्रा 2026 में बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस वर्ष कुल 23 लाख 39 हजार 772 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए। यह अब तक की सर्वाधिक संख्या बताई जा रही है। यात्रा के दौरान कुल 88 लोगों की मृत्यु हुई। इनमें 87 लोगों की मौत स्वास्थ्य खराब होने के कारण, जबकि एक व्यक्ति की मृत्यु प्राकृतिक आपदा में हुई।

शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी उत्सव डोलियां

कपाट बंद होने के बाद मंगलवार सुबह भगवान उद्धव, कुबेर और गरुड़ की उत्सव डोलियों के साथ आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी। परंपरा के अनुसार भगवान उद्धव और कुबेर की डोलियां पांडुकेश्वर पहुंचेंगी, जबकि आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी का शीतकालीन प्रवास जोशीमठ स्थित नरसिंह मंदिर में होगा।

बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो गया है। अब शीतकाल में श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन उनके शीतकालीन पूजा स्थलों पर कर सकेंगे