उत्तराखंड | बदरीनाथ धाम में हुई सीजन की पहली बर्फबारी, केदारनाथ में माइनस में तापमान

उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। मैदानी इलाकों में हल्के कोहरे और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। बुधवार को बदरीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। वहीं, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम भी बर्फ से ढक गई हैं।
 



देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट)
उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। मैदानी इलाकों में हल्के कोहरे और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। बुधवार को बदरीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। वहीं, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम भी बर्फ से ढक गई हैं।

बुधवार शाम बदरीनाथ में अचानक बर्फबारी हुई है। सुबह तक बदरीनाथ धाम में मौसम साफ था। लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और बर्फ पड़ने लगी। बर्फबारी के कारण धाम में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। धाम में ठंड बढ़ने पर प्रशासन ने अलाव की व्यवस्था करा दी है। बर्फबारी के बीच ही 5800 तीर्थयात्रियों ने बदरीनाथ के दर्शन किए।

दोपहर बाद केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई है जिससे ठंड बढ़ गई है। शाम 5 बजे ही तापमान माइनस में चला गया था। यहां लगभग एक इंच नई बर्फ गिरी है। केदारनाथ में अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम -3 डिग्री रहा। द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ समेत चंद्रशिला आदि ऊंचाई वाले स्थानों में भी बर्फबारी हुई है। इधर, रुद्रप्रयाग समेत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, गौरीकुंड, मयाली, जखोली में बारिश हुई है। बुधवार दोपहर बाद यमुनोत्री धाम और घाटी में भी बर्फबारी शुरू हो जिससे धाम में ठंड भी बढ़ गई है।