उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा- अनियंत्रित कार खाई में गिरी, 25 वर्षीय चालक की मौत
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट)चकराता क्षेत्र के दुनुवा-मलेथा मोटर मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुनुवा गांव से कुछ दूरी पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कार चला रहे दुनुवा गांव निवासी 25 वर्षीय जगमोहन वाहन में अकेले सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, साहिया पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी चकराता बी.एल. भारती ने बताया कि हादसे के समय कार में केवल चालक ही मौजूद था। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।युवा की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।