उत्तराखंड - ट्रक की टक्कर से जवानों से भरी बस पलटी, मची चीख पुकार

देहरादून में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने IRB फर्स्ट बटालियन की बस को पीछे से टक्कर मार दी।
 

 

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने IRB फर्स्ट बटालियन की बस को पीछे से टक्कर मार दी।

 

 

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर पलट गई। हादसे में IRB के जवानों समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

 

 

आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। सहारनपुर की ओर से आ रहा सीमेंट से लदा 12 टायरी ट्रक मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास पहुंचा। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही IRB फर्स्ट बटालियन की बस को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क पर ही पलट गई। इस दौरान एक मोटरसाइकिल भी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

हादसे में सात लोग घायल

इस सड़क हादसे में IRB के जवानों सहित कुल सात लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में चार पुलिसकर्मी, दो मोटरसाइकिल सवार और ट्रक चालक शामिल बताए जा रहे हैं ।हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

बस में सवार थे आठ जवान

बताया जा रहा है कि हादसे के समय IRB फर्स्ट बटालियन की बस में आठ जवान सवार थे। इनमें हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, बस चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर और कांस्टेबल सुनील कुमार के नाम सामने आए हैं। ये सभी जवान रामनगर के बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद यातायात प्रभावित

आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास हुए इस हादसे के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर बस पलटने और ट्रक की मौजूदगी के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।पुलिस और संबंधित एजेंसियों की ओर से हादसे के कारणों की जांच किए जाने की जानकारी का इंतजार है।