उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा,  ट्रैक्टर ने बीटेक की छात्रा को कुचला, मौत से परिवार में मचा कोहराम

 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट)  देहरादून के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राफिक एरा की बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई।

 

 

चार खंभा चौक के पास पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर ने पैदल जा रही छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है

चार खंभा चौक के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 8:45 बजे क्लेमेंटटाउन थाने को चार खंभा चौक के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि एक मिक्सर ट्रैक्टर ने पैदल जा रही युवती को पीछे से टक्कर मार दी है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवती को एंबुलेंस की मदद से एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बहन के साथ पैदल जा रही थी छात्रा

मृतका की पहचान 18 वर्षीय वैष्णवी रावत के रूप में हुई है। वह दिल्ली के पटेल नगर क्षेत्र में शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास की रहने वाली थी और देहरादून स्थित ग्राफिक एरा में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा थी।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ चार खंभा चौक से पैदल कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने वैष्णवी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

हादसे के बाद पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लिया है। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी है। रात अधिक होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

परिवार में मचा कोहराम

बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है