एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी: 14 देशों के स्केटर पहुंचे देहरादून, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का आगाज सोमवार को देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 17 से 20 अगस्त तक आयोजित की जा रही है, जिसमें एशिया के 14 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे देश-विदेश के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड के लिए गौरव का अवसर: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि खेल दुनिया को जोड़ने का माध्यम हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है। जीत-हार से ज्यादा जरूरी खेल भावना सीएम धामी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीत और हार खेल के दो पहलू हैं, लेकिन वास्तविक सफलता खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और कभी हार न मानने वाली इच्छाशक्ति में है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करने के साथ खेल भावना की भी मिसाल पेश करेंगे और देहरादून से अच्छे अनुभव व यादें लेकर लौटेंगे।
‘खेलो इंडिया’ से मजबूत हुई खेल संस्कृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सोच और माहौल में व्यापक बदलाव आया है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
उत्तराखंड में खेल सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेल के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले वर्ष प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिससे राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का मजबूत आधार तैयार हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इन अकादमियों में खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी काम जारी है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।
खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और सरकारी नौकरी के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति के साथ आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण की सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के जरिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
विंटर और आइस स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की तैयारी
सीएम धामी ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ-साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है। एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन इस दिशा में उत्तराखंड की बढ़ती क्षमता को दर्शाते हैं।