ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी,मची चीख-पुकार

 

श्रीनगर गढ़वाल( उत्तराखंड पोस्ट)  ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया।

 

 

तोताघाटी और बछेलीखाल के बीच यात्रियों से भरी एक बस ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में 39 यात्री सवार थे।

 

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे बस ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर तोताघाटी और बछेलीखाल के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

सभी यात्री सुरक्षित, कुछ को आई मामूली चोटें

चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि बस में सवार सभी 39 यात्री सुरक्षित हैं। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश यात्रियों को अन्य वाहनों के माध्यम से हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया गया।

बड़ा हादसा टलने से यात्रियों ने ली राहत की सांस

बस के पलटने के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और बस के तकनीकी कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।