कैंसर से बचाव, सही पोषण और मजबूत सेहत: देहरादून में 'विमेंस वेलनेस मीट' का आयोजन
देहरादून (Uttarakhand Post) महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और निवारक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून में विमेंस वेलनेस एंड प्रिवेंटिव हेल्थकेयर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, फिक्की फ्लो उत्तराखंड और कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ, डॉ महेश कुड़ियाल, डॉ सुमिता प्रभाकर, तृप्ति बहल, शालिनी कुड़ियाल एवं फिक्की फ्लो के अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य, कैंसर की रोकथाम एवं शुरुआती पहचान, संतुलित पोषण और बढ़ती उम्र के साथ मांसपेशियों को स्वस्थ बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की। इसका उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित जांच एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श के लिए प्रोत्साहित करना था।
एमएस गैलेक्सी मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की निदेशक एवं कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. सुमिता प्रभाकर ने महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता पर स्वास्थ्य वार्ता दी। उन्होंने स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर सहित महिलाओं में होने वाले कैंसर के प्रति जागरूकता, नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती पहचान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नियमित जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
हॉस्पिटल की क्लिनिकल डाइटिशियन डायटीशियन पूजा सिंह ने महिलाओं के आहार में प्रोटीन की भूमिका और दैनिक भोजन में प्रोटीन के बेहतर स्रोत शामिल करने के तरीकों पर जानकारी दी। वहीं, डॉ. रेखा खन्ना ने 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में मांसपेशियों को स्वस्थ बनाए रखने, शारीरिक गतिशीलता और नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और बोन डेंसिटी जांच के साथ निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने और आवश्यकता पड़ने पर आगे चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. महेश कुरियाल ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य पूरे परिवार और समाज के स्वास्थ्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि अक्सर महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता नहीं दे पातीं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच, सही पोषण और समय पर चिकित्सकीय परामर्श के प्रति जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण महिलाओं द्वारा लिया गया स्वास्थ्य संकल्प रहा। इसमें प्रतिभागियों ने स्वयं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित स्क्रीनिंग को बढ़ावा देने और कैंसर सहित अन्य बीमारियों की शुरुआती पहचान के लिए दूसरी महिलाओं को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर FICCI FLO उत्तराखंड की चेयरपर्सन श्रीमती त्रिप्ति बहल, सचिव श्रीमती हरप्रीत कौर मारवाह, संयुक्त सचिव श्रीमती ममता रावत, कोषाध्यक्ष श्रीमती मनीत सूरी और हेल्थ एंड वेलनेस प्रमुख डॉ. गिग्गल रस्तोगी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त शालिनी कुड़ियाल, डॉ. नमन कुड़ियाल, संजय पुंडीर, आयुष्मान कुड़ियाल,नियति कुड़ियाल, क्षितिज, ललित आनंद सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल बीमारी होने पर उपचार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नियमित जांच, सही पोषण, शारीरिक सक्रियता और समय पर चिकित्सकीय सलाह को भी उतना ही महत्व दिया जाना चाहिए।