मुख्यमंत्री धामी ने 221 चयनित अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- युवाओं के भविष्य से नहीं होगा खिलवाड़

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामीi ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

 

 

ये अभ्यर्थी शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर नियुक्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया है।

युवाओं की मुस्कान सरकार की सफलता का प्रमाण: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि चयनित युवाओं के चेहरों पर दिख रही खुशी इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवा न केवल वर्तमान बल्कि राज्य के भविष्य की भी सबसे बड़ी पूंजी हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि नई स्टार्टअप नीति राज्य में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

नकल विरोधी कानून से बढ़ा युवाओं का भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं के सपनों और उनके परिवारों के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन आज रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ा है। उन्होंने सभी विभागों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए हैं।

जरूरतमंदों की सेवा को बनाएं प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा का उद्देश्य केवल प्रशासनिक दायित्व निभाना नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समाधान करना भी है। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त अभ्यर्थी केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास और जनसेवा के सहभागी भी हैं।

पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ही के दिन 12 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने इसे भारतीय राजनीति और विकास यात्रा का ऐतिहासिक दिन बताया।