सीएम धामी का बड़ा ऐलान,पुलिस में 1,600 पदों पर होगी भर्ती!

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर कीं बड़ी घोषणाएं, थानों का बजट 4 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये किया जाएगा

 

देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। बुधवार को देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों में करीब 1,600 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने का ऐलान किया। इसके साथ ही थानों के आवश्यक कार्यों के लिए वार्षिक बजट को दोगुना करने की घोषणा की गई।

थानों का बजट 4 करोड़ से बढ़कर 8 करोड़ रुपये होगा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में थानों के आवश्यक कार्यों के लिए वार्षिक बजट 4 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 8 करोड़ रुपये किया जाएगा। इससे पुलिस थानों में जरूरी सुविधाओं और कार्यों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा थानों एवं चौकियों में कार्मिकों की आवश्यकता के अनुसार पदों और व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जाएगी।

पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल और मल्टी स्टोरी बैरक

सीएम धामी ने देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल और मल्टी स्टोरी बैरक बनाने की घोषणा की। साथ ही देहरादून स्थित पुलिस अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा और प्रदेश के सभी पुलिस मॉडर्न स्कूलों को बेहतर बनाया जाएगा। विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।

साइबर अपराध और नशे के खिलाफ कार्रवाई पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में नशा तस्करी और साइबर अपराध पुलिस के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाना होगा। करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर का निर्माण भी किया जा रहा है।

शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। सरकार पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का उद्देश्य प्रदेश में पुलिस बल की क्षमता बढ़ाना, थानों की कार्यप्रणाली को मजबूत करना और पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।