CM धामी ने उकेरी कमल की आकृति, बोले- उत्तराखंड की पुकार, मोदी सरकार तीसरी बार

"उत्तराखण्ड की पुकार, मोदी सरकार तीसरी बार !" जी हां, 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी का फोकस उत्तराखंड की पांचों विधानसभा सीटों पर पर है औऱ उत्तराखंड में 5-0 से क्लीन स्वीप कर देश में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।

 
 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) "उत्तराखण्ड की पुकार, मोदी सरकार तीसरी बार !" जी हां, 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी का फोकस उत्तराखंड की पांचों विधानसभा सीटों पर पर है औऱ उत्तराखंड में 5-0 से क्लीन स्वीप कर देश में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद देहरादून की राजपुर रोड विधानसभा में अम्बेडकर नगर मंडल के बूथ संख्या 40 पर भाजपा के 'दीवार लेखन अभियान' में शिरकत की और दीवार पर भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल की आकृति उकेरी।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने किया श्री गणेश

भाजपा ने 'अब की बार 400 पार' के संदेश के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर आज उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड से दीवार लेखन अभियान का श्री गणेश कर दिया है।  बूथ स्तर पर चलने वाले इस अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, इसमें दीवार पर लिखा जाने वाला प्रत्येक वाक्य हमारी प्रतिबद्धता और संकल्प का प्रतीक है। वहीं विकसित भारत संकल्प यात्रा में सहभागिता कर उन्होंने लाभार्थियों के अनुभव सुनते हुए योजना सम्बंधी चेक एवं प्रमाणपत्र भी वितरित किए।

लोकसभा चुनाव को देखते हुए एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने उत्तरकाशी के चिन्यौलीसेण में दीवार लिखकर किया। जिसमे उन्होंने 'तीसरी बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार' का संदेश दीवार पर लिखा। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव की दृष्टि से यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें लिखी जाने वाले संदेशों में जनता से किए वादों का उल्लेख किया जा रहा है जिन्हें हम पूरा कर चुके हैं।

इनमें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों  के साथ आगामी चुनावों को लेकर जनता से किए जाने वाले वादे भी हैं और पार्टी के स्वयं से किया संकल्प भी हैं। लिहाजा प्रत्येक कार्यकर्ता को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी है और इसमें लिखे संदेशों को आगे बढ़ाते हुए जन जन तक पहुंचाना है। इसके उपरांत उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा में शिरकत करते हुए लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने अनेक लाभार्थियों से मिलकर उनके अनुभव जाने और नए लाभार्थियों को चेक एवं अन्य जरूरी प्रमाणपत्र वितरित भी किए।