देहरादून जू में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का CM धामी ने किया लोकार्पण, कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त एंट्री

 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट)  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव मिलेगा।

हर साल 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं देहरादून जू

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और चिड़ियाघर से सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।

वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का केंद्र है चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले बच्चों के लिए भी चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानने और प्रकृति के साथ अपने संबंध को समझने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा मिलने से युवाओं में पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। युवा भविष्य में राज्य और देश के विकास के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।