CM धामी का बड़ा फैसला, महिला आरक्षियों के पदों में 1474 की बढ़ोतरी

 

देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में महिला पुलिसकर्मियों के लिए सेवा और पदोन्नति के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के स्वीकृत पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत महिला आरक्षियों के लिए 1474 अतिरिक्त पदों के समायोजन का रास्ता साफ होगा।

अन्य संवर्गों के पदों से होगा समायोजन

प्रस्ताव के अनुसार, महिला आरक्षियों के लिए बढ़ाए जाने वाले 1474 पदों का समायोजन अन्य संवर्गों और पुलिस की विभिन्न शाखाओं में पहले से स्वीकृत पदों से किया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत कुल स्वीकृत पदों की संख्या में कोई वृद्धि नहीं होगी। साथ ही, सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा।

1210 महिला आरक्षियों के समायोजन की शर्त

इस प्रस्ताव पर कार्मिक विभाग ने कुछ शर्तों के साथ सहमति दी है। इनमें वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों का समायोजन करना प्रमुख है। इसके अलावा, महिला पुलिसकर्मियों को भविष्य में पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन से संबंधित अलग प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।

महिला पुलिसकर्मियों को मिलेंगे बेहतर अवसर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर सेवा अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करना भी सरकार की प्राथमिकता है।

सरकार के इस फैसले से जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या बढ़ने के साथ उनके सेवा संबंधी अवसरों और भविष्य में पदोन्नति की संभावनाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है।