अमित शाह की रैली में CM धामी का धुआंधार भाषण, जेनी कांड पर कांग्रेस को घेरा, राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। अमित शाह के संबोधन से पहले मंच से सीएम धामी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत का भी जिक्र किया। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने विकास, युवाओं, लोकतंत्र और उत्तराखंड के स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।
कांग्रेस पर युवाओं को भड़काने का आरोप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। लेकिन कुछ राजनीतिक ताकतें विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय भय और टकराव का माहौल बनाने में जुटी हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति जताना सभी का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को भड़काना, अफवाह फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
चुनावी नतीजों और EVM को लेकर कांग्रेस पर हमला
सीएम धामी ने कांग्रेस के चुनावी आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब चुनावी नतीजे किसी पार्टी के पक्ष में आते हैं तो उसे चुनावी व्यवस्था सही लगती है, लेकिन परिणाम पक्ष में नहीं आने पर ईवीएम और एसआईआर जैसी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने इसे लोकतंत्र के प्रति दोहरा रवैया बताते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अनावश्यक सवाल खड़े किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर गढ़वाल और रुद्रपुर में बीजेपी की लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ यात्रा के दौरान उन्हें जनता का उत्साह देखने को मिला। उनके मुताबिक, जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी बरसे धामी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राहुल गांधी और अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अपमान करते हैं तो कांग्रेस के नेता चुप रहते हैं।
सीएम धामी ने अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं की भूमिका को प्रदेश की जनता भूली नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहा जाता है, तब भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के नेता चुप्पी साध लेते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने वालों को घुसपैठिया कहना और उत्तराखंड के लोगों के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना बिल्कुल अलग बातें हैं।
जेनी कांड और तंदूर कांड को लेकर कांग्रेस पर निशाना
अपने भाषण में मुख्यमंत्री धामी ने जेनी कांड और तंदूर कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी उत्तराखंड के मान-सम्मान और स्वाभिमान के मुद्दों पर चुनिंदा तरीके से प्रतिक्रिया देती है।
सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बीजेपी सरकार से सवाल करती है और दोषियों को सजा दिलाने की बात करती है, लेकिन अपने नेताओं से जुड़े पुराने विवादों और मामलों पर चुप्पी साध लेती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए गठबंधन की राजनीति प्रदेश के हितों से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की जनता कांग्रेस की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।
सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, सुरक्षा, युवाओं के भविष्य तथा जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।
अमित शाह की मौजूदगी में दिए गए इस संबोधन के जरिए मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कांग्रेस को घेरते हुए बीजेपी सरकार के विकास कार्यों और राजनीतिक मुद्दों को जनता के सामने रखा।