देहरादून में सनसनी-  जंगल में बोरे में मिला महिला का सड़ा-गला शव, हत्या की आशंका

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में बोरे के अंदर महिला का शव बरामद हुआ है।

 

 

पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए बोरे में भरकर यहां फेंका गया है। पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रेमनगर क्षेत्र स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक बोरे में महिला का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा हुआ था।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए अंदेशा है कि महिला की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसएसपी ने महिला की पहचान और घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है।

 फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। साथ ही सर्विलांस के जरिए भी अहम सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।