उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली शपथ, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने प्रदेश के नए राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें शपथ दिलाई। इससे पहले मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया।
मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव रखने वाले डॉ. ढाल सिंह बिसेन चार बार विधायक और पूर्व लोकसभा सांसद रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति के साथ उत्तराखंड को नया संवैधानिक प्रमुख मिल गया है।
चार बार विधायक और रह चुके हैं कैबिनेट मंत्री
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। पेशे से चिकित्सक और कृषक डॉ. बिसेन भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश की राजनीति में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
वह 1990 से 2008 के बीच चार बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार में वन, परिवहन एवं खनिज तथा स्कूल शिक्षा एवं जेल विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद मई 2019 में वह 17वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
उत्तराखंड पहुंचने पर डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया। यहां पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद लोक भवन पहुंचने पर भी राज्यपाल का अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन और अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति ने 12 अक्टूबर को की थी नियुक्ति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर को डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है। शपथ ग्रहण के साथ ही डॉ. बिसेन ने राज्यपाल के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।