ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान युवक-युवती लापता, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) तीर्थनगरी ऋषिकेश के शिवपुरी क्षेत्र में रविवार सुबह गंगा नदी में नहाने उतरे राजस्थान के जयपुर निवासी एक युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गंगा के तेज बहाव के बीच विशेषज्ञ गोताखोर लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
चार दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे ऋषिकेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के जयपुर से चार दोस्तों का एक समूह शनिवार को ऋषिकेश घूमने पहुंचा था। सभी दोस्त शिवपुरी क्षेत्र स्थित एक कैंप में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच समूह में शामिल 26 वर्षीय लवेश साटीवाल और 27 वर्षीय चेतना मीणा अपने अन्य साथियों को बिना बताए कैंप से निकलकर गंगा नदी के किनारे पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों गंगा में स्नान करने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान उन्होंने फोन कर अपने अन्य दोस्तों को भी नदी किनारे बुलाया।
नदी किनारे मिले कपड़े और मोबाइल, दोनों का नहीं चला पता
जब दोनों का दोस्त राजकुमार मीणा बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां लवेश और चेतना दिखाई नहीं दिए। नदी किनारे दोनों के कपड़े और मोबाइल फोन रखे मिले, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं था। राजकुमार ने आसपास काफी तलाश की और आवाज लगाकर दोनों को खोजने का प्रयास किया। कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों की तलाश शुरू कर दी।
बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर हैं लवेश साटीवाल
लापता युवक की पहचान जयपुर निवासी 26 वर्षीय लवेश साटीवाल पुत्र सुरेश साटीवाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, लवेश राजस्थान सरकार के बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर (JE) के पद पर कार्यरत हैं।
वहीं, लापता युवती की पहचान 27 वर्षीय चेतना मीणा पुत्री हरिशंकर मीणा के रूप में हुई है। चेतना जयपुर के प्रताप नगर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं।
गंगा के तेज बहाव से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी
घटना के बाद एसडीआरएफ के विशेषज्ञ गोताखोरों को तलाश अभियान में लगाया गया है। टीम नदी की गहराई और आसपास के संभावित स्थानों पर दोनों की खोज कर रही है। गंगा में पानी का तेज बहाव और नदी की अनिश्चित गहराई रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बनी हुई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।