देहरादून में कैफे के बाहर फायरिंग, दोस्त ने बुलाया, फिर चली गोली, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) राजधानी देहरादून में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है। पटेलनगर क्षेत्र स्थित स्वास्तिक कैफे के बाहर रविवार तड़के हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना दून मेडिकल कॉलेज से कुछ ही दूरी पर हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन कर कैफे पर बुलाया
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, हरिद्वार के झबरेड़ा निवासी सन्नी देहरादून में पीजी संचालित करता है। 19 जुलाई 2026 की तड़के करीब 2:40 बजे उसे शुभम नामक युवक का फोन आया। शुभम ने सन्नी को पटेलनगर स्थित स्वास्तिक कैफे के पास मिलने के लिए बुलाया।
पहले विवाद, फिर चली गोली
सन्नी जब मौके पर पहुंचा तो वहां शुभम अपने साथी युवराज और दो अन्य युवकों के साथ पहले से मौजूद था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शुभम ने पिस्टल निकालकर सन्नी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
दूसरी गोली मिसफायर, बाल-बाल बची जान
गोली चलने की आवाज सुनकर सन्नी के साथी मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसके बाद युवराज ने शुभम से पिस्टल लेकर दोबारा सन्नी पर फायर करने की कोशिश की, लेकिन इस बार हथियार मिसफायर हो गया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पीड़ित ने पटेलनगर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुभम और युवराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।