उत्तराखंड के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी का बेटा ठगी में गिरफ्तार ,जानें पूरा मामला
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी के बेटे आर. यशोवर्धन को कथित ठगी के मामले में देहरादून पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि वह खुद को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) का अधिकारी बताकर डॉक्टरों और अन्य लोगों को अपने झांसे में लेता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रभावशाली पहचान का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतता था और फिर निवेश, सरकारी काम कराने या अपने प्रभाव का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश करता था।
आरोपी अलग-अलग एजेंसियों का वरिष्ठ अधिकारी बनकर लोगों को नौकरी, कंपनी रजिस्ट्रेशन और अन्य काम कराने का झांसा देता था. उसके कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, विजिटिंग कार्ड, पुलिस और सेना के लोगो, वर्दियां समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं.
शिकायत मिलने के बाद राजपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन दिल्ली में मिली, जहां पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ राजपुर थाने में ठगी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।