उत्तराखंड में शुरू हुआ नौतपा, पड़ेगी भीषण गर्मी, इस दिन तक तक झेलने पड़ेंगे लू के थपेड़े
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी आज यानी 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो गई है।
ज्योतिष और मौसम विज्ञान के अनुसार नौतपा के ये 9 दिन साल के सबसे गर्म और चुनौतीपूर्ण दिनों में गिने जाते हैं। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है और भीषण गर्मी के साथ लू चलने लगती है। इस दौरान चलने वाली तेज लू और झुलसा देने वाली धूप सीधे हमारे शरीर पर असर डालती है।
2 जून तक रहेगा नौतपा का असर
नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी अपने चरम पर रहने की संभावना है। उत्तराखंड के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। गर्म हवाओं और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में अभी कुछ हद तक राहत बनी हुई है, लेकिन मैदानी इलाकों में हीटवेव जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं।
नौतपा और मानसून का कनेक्शन
मान्यता है कि नौतपा के दौरान सूर्य जितना अधिक तपता है, मानसून उतना ही बेहतर होता है और अच्छी बारिश होती है। यही वजह है कि नौतपा को मौसम परिवर्तन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
विशेषज्ञों की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के इन 9 दिनों में लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाने की सलाह दी जा रही है।
नौतपा से बचाव के उपाय
- दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
- खाली पेट घर से बाहर ना जाएं।
- ज्यादा तला-भुना भोजन, चाय और शराब के सेवन से परहेज करें।
- भरपूर मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।
- तरबूज, खीरा, खरबूजा और अंगूर जैसे रसीले फलों का सेवन करें।
- घर के आसपास पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।