उत्तराखंड में आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम, देहरादून समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार, 18 अगस्त को प्रदेश के पांच जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
18 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और अचानक मौसम खराब होने की स्थिति बन सकती है।
बारिश को देखते हुए प्रशासन भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने और अनावश्यक रूप से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से बचने की अपील की गई है।
19 और 20 अगस्त को भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, 19 अगस्त को बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 20 अगस्त को बागेश्वर और देहरादून में भारी बारिश के आसार हैं। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।
21 और 22 अगस्त को भी बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, 21 और 22 अगस्त को भी प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
पहाड़ों में सफर करते समय बरतें सावधानी
लगातार बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क पर मलबा आने, भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रहता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।