उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) कुछ दिनों की सुस्ती के बाद उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है।

 

 

मौसम विभाग ने 25 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम की गतिविधियां खासतौर पर बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, चमोली और पिथौरागढ़ में अधिक रह सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अचानक बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

नैनीताल समेत 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी बारिश का दौर तेज हो सकता है।

पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों के तीव्र से अति तीव्र दौर के चलते अचानक जलभराव और पहाड़ी सड़कों पर मलबा आने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

26 और 27 सितंबर को बढ़ेगा बारिश का दायरा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई इलाकों में तेज से मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है। पर्वतीय जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क बाधित होने और स्थानीय स्तर पर जलभराव जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं।

 आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 सितंबर को पूरे प्रदेश में मौसम का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है. 26 सितंबर को नैनीताल, चम्पावत और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं ‘अत्यंत भारी बारिश’ होने की प्रबल संभावना है. इसके साथ ही देहरादून, पौड़ी, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

27 सितंबर को भी देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और पौड़ी के साथ-साथ नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं. 28 सितंबर से पश्चिमी गढ़वाल (उत्तरकाशी, देहरादून) को छोड़कर शेष हिस्सों में मानसूनी गतिविधियों में कमी आने लगेगी और 30 सितंबर तक हरिद्वार व उधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा.