उत्तराखंड में भीषण हादसा, खाद से लदे ट्राले ने कार को कुचला, एक ही परिवार के 3 लोगों सहित 4 की मौत, बच्चा घायल

राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
 

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

 

 

साईं मंदिर के पास खाद से लदे एक अनियंत्रित ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्राले के नीचे बुरी तरह दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

कार को काटकर निकाले गए शव

जानकारी के अनुसार, एक परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला में साईं मंदिर के पास उनकी कार खाद से लदे ट्राले की चपेट में आ गई। हादसे के बाद कार ट्राले के नीचे बुरी तरह फंस गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा।

कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद चार लोगों के शव बाहर निकाले गए। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। वहीं, कार से एक छह वर्षीय बच्चे को घायल अवस्था में बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।

हादसे में इन चार लोगों की मौत

  1. मिश्रेष कपूर (38 वर्ष)

  2. निशा आनंद कपूर (38 वर्ष) – पत्नी

  3. किरण कपूर (63 वर्ष) – मां

  4. नीरज – कार चालक

छह साल का माहेर कपूर घायल

हादसे में छह वर्षीय माहेर कपूर घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। कार में दिवाली के गिफ्ट और अन्य सामान भी मिला है।