SBI ग्राहकों के लिए जरूरी खबर, आज से लगातार छह दिन बंद रहेंगे बैंक, देखें पूरी लिस्ट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) अगर आप आज बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो आपको आज रुकना पड़ेगा। क्योंकि आज महीने का चौथा शनिवार होने के चलते पूरे भारत में बैंक बंद हैं।
वहीं, अगर आपका अकाउंट स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में है तो आपके लिए एक और खबर है। दरअसल, SBI लगातार 6 दिन तक बंद रह सकता है
SBI स्टाफ फेडरेशन ने 25-26 मई (सोमवार और मंगलवार), 2026 को एक प्रस्तावित हड़ताल की सूचना दी है। यह हड़ताल भर्ती और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) फंड मैनेजरों के चयन जैसे मुद्दों को उठाने के लिए की जाएगी।
क्यों बंद रहेंगे बैंक?
23 मई से 28 मई तक अलग-अलग कारणों से बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं। ऐसे में ग्राहकों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।
बैंक बंदी का पूरा शेड्यूल
- 23 मई (चौथा शनिवार): महीने का चौथा शनिवार होने के कारण सभी बैंक बंद रहेंगे।
- 24 मई (रविवार): साप्ताहिक अवकाश के चलते बैंक बंद रहेंगे।
- 25 और 26 मई (सोमवार और मंगलवार): ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
- 27 और 28 मई (बकरीद अवकाश): भारत के ज़्यादातर हिस्सों में, SBI समेत सभी बैंक 27 मई को बकरीद के मौके पर बंद रहेंगे। हालांकि, भारत के कुछ हिस्सों में बैंक 28 मई को बंद रहेंगे।जम्मू-कश्मीर समेत कुछ राज्यों में दोनों दिन छुट्टी रहेगी।
हड़ताल क्यों कर रहे हैं कर्मचारी?
SBI कर्मचारी संगठन आउटसोर्सिंग का विरोध कर रहे हैं और स्थायी भर्ती की मांग कर रहे हैं। खासतौर पर सशस्त्र गार्ड और सब-स्टाफ पदों पर नियमित नियुक्तियों को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। इसके अलावा कर्मचारी संगठन ने कई अन्य मुद्दे भी उठाए हैं, जिनमें शामिल हैं:
- NPS सब्सक्राइबर्स को फंड मैनेजर बदलने की स्वतंत्रता
- प्रमोशन और करियर ग्रोथ नीति की समीक्षा
- अधिकारियों के समान वेतन और भत्तों की मांग
आम लोगों पर क्या पड़ेगा असर?
लगातार छुट्टियों और हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में मिलने वाली कई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इनमें शामिल हैं:
- कैश जमा और निकासी
- पासबुक अपडेट
- चेक क्लियरेंस
- लोन से जुड़ी प्रक्रियाएं
- ड्राफ्ट और अन्य शाखा सेवाएं
ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू
हालांकि बैंक प्रबंधन ने कहा है कि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, YONO ऐप, यूपीआई पेमेंट और एटीएम सेवाओं का इस्तेमाल 24x7 कर सकेंगे।