उत्तराखंड में बड़ा हादसा, पिकअप वाहन गंगा में गिरा, दो लोगों की तलाश जारी
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। देवप्रयाग से पहले चिलडांग के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गंगा नदी में जा गिरा।
हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ, जब वाहन ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, वाहन में दो लोगों के सवार होने की आशंका है, जिनकी तलाश के लिए गंगा नदी में युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
तेज बहाव बना रेस्क्यू में चुनौती
गंगा नदी का तेज बहाव रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद एसडीआरएफ के गोताखोर और पुलिसकर्मी लगातार नदी में खोजबीन कर रहे हैं। फिलहाल न तो लापता व्यक्तियों और न ही वाहन का कोई सुराग मिल पाया है।
वाहन की शिनाख्त में जुटी पुलिस
पुलिस द्वारा वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य तकनीकी माध्यमों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वाहन किसका है और उसमें सवार लोग कौन थे।
लगातार हो रहे सड़क हादसे
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर चिंता का विषय बन गए हैं। संकरी सड़कों, तेज रफ्तार और खराब मौसम के चलते इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं