उत्तराखंड - बर्थडे पार्टी के दौरान विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात कहासुनी के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान राजपाल (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान पीलीभीत निवासी जितेंद्र कुमार ने राजपाल के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी के जन्मदिन के दौरान हुआ विवाद
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल जमनपुर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई और इसी दौरान जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। पुलिस के अनुसार, घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी। चाकू से गंभीर चोट लगने के कारण राजपाल की मौत हो गई।
10-15 दिन पहले भी हुआ था विवाद
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस इस पुराने विवाद को भी घटना की जांच में शामिल कर रही है।
हत्या के बाद आरोपी फरार
वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं।