देहरादून -  यहां घंटाघर के पास दुकानों में लगी भीषण आग,  लाखों का सामान जलकर खाक

 

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) राजधानी देहरादून के व्यस्ततम मोती बाजार में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घंटाघर के पास स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में अचानक भीषण आग लग गई।

 

 

आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और परिसर में स्थित बालाजी ड्रेस एम्पोरियम समेत एक फर्नीचर की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की सूचना है।

 

देवकी कॉम्प्लेक्स में अचानक भड़की आग

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह मोती बाजार स्थित देवकी कॉम्प्लेक्स में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख बाजार में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान बालाजी ड्रेस एम्पोरियम और परिसर में स्थित एक फर्नीचर की दुकान में रखा सामान आग की चपेट में आ गया।

फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, इस अग्निकांड में दुकानों में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

पुलिस के मुताबिक, आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। मामले में आग लगने के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।