उत्तराखंड-  यहां टेंट हाउस में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

 
 

देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून में थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के अंतर्गत सुभाष नगर में बीती देर रात एक टेंट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के रिहायशी इलाकों के लिए खतरा बन गई।

 

जानकारी के अनुसार, प्रताप मार्ग स्थित एक प्लॉट में बने नरेंद्र टेंट हाउस (मालिक– नरेंद्र कुमार) में रखे टेंट और शामियाने के सामान में देर रात आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

 

मौके पर पहुंचते ही फायर ब्रिगेड ने पाया कि आग तेजी से फैल रही है और उसकी लपटें पास के रिहायशी मकानों की ओर बढ़ रही हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन से अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर बुलाए गए। फायर यूनिटों ने चारों ओर से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

टेंट हाउस में मौजूद लकड़ी के फोल्डिंग टेबल, बर्तन, टेंट, भट्टियां, मैट, रजाई-गद्दे और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। करीब 30 हजार लीटर पानी का प्रयोग कर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

समय रहते की गई कार्रवाई से आसपास के रिहायशी मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) किशोर उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, दमकल विभाग द्वारा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और साथ ही हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।