उत्तराखंड में मानसून का असर जारी,  कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है।

 

 

मौसम विभाग ने सोमवार, 6 जुलाई को भी राज्य के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और नैनीताल जिलों में भी कई स्थानों पर बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी जताई गई है।

मैदानी जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं राजधानी देहरादून में भी भारी बारिश का अनुमान है। बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।