मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में भी बरसेंगे बदरा

मौसम विभाग ने 26 जून को गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
 
 

नई दिल्ली (उत्तराखंड पोस्ट) देश में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिन राज्यों में मॉनसून पहुंच चुका है, उनमें झमाझम बारिश हो रही है। वहीं जिन राज्यों में मॉनसून की एंट्री होना बाकी है, ऐसे कुछ राज्यों में प्री-मॉनसून गतिविधियां शुरू हो गई है।

 

 

मौसम विभाग ने 26 जून को गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, असम, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


ताजा अपडेट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात राज्य और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों व दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। पूर्वानुमान यह भी बताता है कि आगामी 3-4 दिनों में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों में मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है। मॉनसून जल्द ही उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। वहीं दिल्ली में 30 जून के आसपास मॉनसून की एंट्री होने की संभावना है।


मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 26 जून से 1 जुलाई तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और न्यूनतम तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।


देशभऱ में मौसम का हाल

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, आज, 26 जून को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। वहीं सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा ओडिशा, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण-पूर्व और पूर्वी राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।

अगले 3 दिनों में यहां पहुंचेगा मॉनसून

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, मॉनसून की उत्तरी सीमा वेरावल, राजपीपला, उज्जैन, विदिशा, सिद्धि, चाईबासा, हल्दिया, पाकुड़, साहिबगंज और रक्सौल से होकर गुजर रही है। वहीं अब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तरी अरब सागर और गुजरात राज्य के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड में अगले 3 दिनों के दौरान आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।