उत्तराखंड में मानसून का कहर! इन 8 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार, 12 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार देहरादून समेत आठ जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
12 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 अगस्त को देहरादून, हरिद्वार, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है।
इन जिलों में मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
13 अगस्त को भी बारिश से राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त को भी उत्तराखंड के ज्यादातर पहाड़ी इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका बढ़ गई है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। यात्रियों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।