उत्तराखंड में मानसून का कहर, इन जिलों में आज बारिश का अलर्ट

 

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून का दौर लगातार जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।

 

 

देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा बताया गया है।

24 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में 24 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका है। मौसम के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सामान्य से 17 फीसदी ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के 12 से 19 अगस्त तक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में इस अवधि के दौरान औसतन 120.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य बारिश के मुकाबले 17 फीसदी अधिक है ।जिलावार आंकड़ों में बागेश्वर सबसे आगे रहा। जिले में एक सप्ताह के दौरान औसतन 203.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद पिथौरागढ़ में 189 मिलीमीटर और चमोली में 123.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

देहरादून में 137.2 मिलीमीटर बारिश

मैदानी और अन्य जिलों की बात करें तो देहरादून में 137.2 मिलीमीटर, हरिद्वार में 89.9 मिलीमीटर और ऊधमसिंह नगर में 15.7 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। वहीं, पौड़ी में 91 मिलीमीटर, टिहरी में 111.6 मिलीमीटर और रुद्रप्रयाग में 119.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।