नए साल का तोहफा: उत्तराखण्ड में IAS और IPS अधिकारियों को मिला प्रमोशन
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) नववर्ष 2026 की शुरुआत उत्तराखण्ड के आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के लिए बड़ी सौगात लेकर आई है। राज्य सरकार ने नए साल के मौके पर प्रशासनिक और पुलिस सेवा के कई अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए आदेश जारी किए हैं। मंगलवार को कार्मिक विभाग ने आईएएस अधिकारियों के जबकि गृह विभाग ने आईपीएस अधिकारियों के पदोन्नति आदेश जारी किए।
आठ अपर सचिव बने सचिव
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार 2010 बैच के आठ आईएएस अपर सचिवों को सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें डॉ. अहमद इकबाल, सोनिका, रंजना राजगुरु, ईवा आशीष श्रीवास्तव, आनंद स्वरूप, देवकृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडेय और राजेंद्र कुमार शामिल हैं। ईवा आशीष श्रीवास्तव को प्रतिनियुक्ति पर होने के कारण परफॉर्मा प्रोन्नति दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों को भी मिला लाभ
2001 बैच के वरिष्ठ आईएएस और प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम को लेवल-15 ग्रेड में पदोन्नति दी गई है। वहीं, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी मयूर दीक्षित, वंदना, विनीत कुमार, रीना जोशी और डॉ. आनंद श्रीवास्तव को चयन वेतनमान लेवल-13 प्रदान किया गया है।
2017 और 2022 बैच के अधिकारियों की भी तरक्की
2017 बैच की आईएएस अधिकारी नमामि बंसल समेत गौरव कुमार, संदीप तिवारी, रवनीत चीमा, विनोद गिरी गोस्वामी, प्रशांत कुमार आर्या, आशीष कुमार भटगाई, प्रकाश चंद्र, दीप्ति सिंह और निधि यादव को कनिष्ठ प्रशासनिक वेतनमान लेवल-12 में प्रोन्नत किया गया है। वहीं, 2022 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ, राहुल आनंद और आशिमा गोयल को वरिष्ठ वेतनमान लेवल-11 दिया गया है।
आईपीएस अधिकारियों को भी मिला प्रमोशन
आईपीएस कैडर में भी बड़े स्तर पर पदोन्नतियाँ की गई हैं। गृह विभाग के आदेश के अनुसार एडीजी अभिनव कुमार को डीजी रैंक में पदोन्नत किया गया है। डीआईजी निवेदिता कुकरेती, पी. रेणुका देवी और बरिंदरजीत सिंह को आईजी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसपी से डीआईजी और ग्रेड प्रोन्नति
इसके अलावा प्रहलाद नारायण मीणा, प्रीति प्रियदर्शिनी और यशवंत सिंह को एसएसपी से डीआईजी पद पर पदोन्नत किया गया है। आईपीएस अधिकारी तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरु को सेलेक्शन ग्रेड लेवल-13 दिया गया है। वहीं, अर्पण यदुवंशी को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड तथा निशा यादव और जितेंद्र चौधरी को वरिष्ठ वेतनमान लेवल-11 प्रदान किया गया है।
एक जनवरी से प्रभावी होंगे आदेश
सरकार द्वारा जारी सभी पदोन्नति आदेश एक जनवरी 2026 से प्रभावी होंगे। प्रशासनिक और पुलिस महकमे में इन पदोन्नतियों को नए साल की सकारात्मक शुरुआत और प्रशासनिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।