उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

 

देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है।

 

 

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जिलों के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम के खराब रहने के आसार हैं। विभाग के अनुसार कई स्थानों पर बिजली चमकने के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए संबंधित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वालों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें। साथ ही, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।