उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी, रहें सतर्क

 

 देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट)  उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है।

 

इसी बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। 

 

मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ के 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी,तेज बारिश, ओलावृष्टि, झक्कड़ (तेज हवाएं) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

वहीं हरिद्वार, उधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल में हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 मैदानी इलाकों में तेज आंधी का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मैदानी क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ (आंधी) चल सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 22 मार्च तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।

लगातार खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग अलर्ट मोड पर हैं। आने वाले दो दिन राज्य के लिए संवेदनशील माने जा रहे हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।