उत्तराखंड में मानसून का कहर जारी, आज 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून का दौर लगातार जारी है।
प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने 2 सितंबर को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
2 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट
प्रदेश के शेष जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
चार जिलों में स्कूलों की छुट्टी
भारी बारिश के पूर्वानुमान और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रदेश के बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इन जिलों में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। संबंधित जिलाधिकारियों की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
आगे भी जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।