उत्तराखंड के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, बारिश- ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है।
मौसम विभाग ने 12 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई है। खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने देहरादून समेत छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लगातार बारिश के कारण संवेदनशील और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। इससे सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित होने की संभावना है। प्रशासन और संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निचले इलाकों में जलभराव का खतरा
बारिश के चलते निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा छोटे नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में नदी और नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। साथ ही पेड़ों के नीचे खड़े न हों और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।