उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों को पीएम मोदी की सौगात, खातों में पहुंचे ₹161.96 करोड़
देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के लाखों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। इसके तहत उत्तराखंड के 8 लाख 8 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में कुल 161.96 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।
शुक्रवार को देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित 'पीएम-किसान उत्सव दिवस' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीबीटी के माध्यम से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि हस्तांतरित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के सभी लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में जब इस योजना की पहली किस्त जारी हुई थी, तब उत्तराखंड में करीब 4 लाख किसान इसके लाभार्थी थे। अब यह संख्या बढ़कर 8 लाख से अधिक हो गई है।
From farms and dairy to infrastructure and connectivity, Banaskantha is making new strides in development. https://t.co/PCTYAW27DN
— Narendra Modi (@narendramodi) October 30, 2026
किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में किसानों की अहम भूमिका है। किसानों की मेहनत से न केवल अन्न का उत्पादन होता है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और समृद्धि को भी मजबूती मिलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जरिए प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। वहीं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के माध्यम से किसान मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार खेती कर पा रहे हैं। इसके अलावा प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उत्तराखंड में पॉलीहाउस और सिंचाई पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई कदम उठा रही है। प्रदेश में नहरों से सिंचाई की सुविधा पूरी तरह निशुल्क की गई है। इसके साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
देहरादून में पीएम किसान उत्सव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर उपस्थित देवतुल्य जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर गुजरात में आयोजित कार्यक्रम में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 30, 2026
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान… pic.twitter.com/5Xkl9e4SO4
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए जा चुके हैं। इससे संरक्षित खेती को बढ़ावा मिल रहा है और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।