2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में सियासी हलचल तेज, अमित शाह के दौरे से BJP करेगी चुनावी शंखनाद

 

देहरादून(उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरा प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है। इस दौरे के जरिए भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी में है।

अमित शाह 6 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पहले उनके कार्यक्रम में पुलिस लाइन का आयोजन रखा गया था, लेकिन बाद में कार्यक्रम का क्रम बदल दिया गया। अब वह सबसे पहले पदयात्रा में शामिल होंगे।

भाजपा ने इस आयोजन को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान से जोड़ा है। पार्टी की ओर से दावा किया जा रहा है कि देहरादून महानगर, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार समेत आसपास के क्षेत्रों से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता जनसभा में पहुंचेंगे।

अमित शाह के दौरे को लेकर BJP ने तेज की तैयारियां

केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन पूरी ताकत से जुटा हुआ है। रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा काशीपुर और जसपुर से भी करीब एक हजार कार्यकर्ताओं को देहरादून लाने की तैयारी है।

कैबिनेट मंत्री खजान दास के मुताबिक, अमित शाह के उत्तराखंड दौरे से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके अनुसार, इस दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश मिलने की उम्मीद है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने भी अमित शाह के दौरे को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है और इस दिशा में संगठन लगातार काम कर रहा है।

कांग्रेस ने भी कसी कमर, अमित शाह से पूछेगी सवाल

एक तरफ भाजपा अमित शाह के दौरे को चुनावी तैयारी के बड़े अवसर के रूप में देख रही है, वहीं कांग्रेस ने भी भाजपा को घेरने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और आने वाले दिनों में विभिन्न दलों के केंद्रीय नेताओं के दौरे भी बढ़ेंगे।

कांग्रेस प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने अमित शाह के उत्तराखंड दौरे पर सवाल उठाते हुए अंकिता भंडारी प्रकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री को सीबीआई जांच की रिपोर्ट को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। कांग्रेस ने इसके साथ ही प्रदेश से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी भाजपा से जवाब मांगा है।

2027 की चुनावी जंग के लिए तैयार हो रहा सियासी मैदान

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मुकाबले की जमीन तैयार होने लगी है। भाजपा जनसभाओं, पदयात्राओं और संगठनात्मक बैठकों के जरिए अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। वहीं कांग्रेस भी अपने वरिष्ठ नेताओं के दौरों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।

ऐसे में 6 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में होने वाली अमित शाह की जनसभा को भाजपा के चुनावी अभियान की महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि अमित शाह अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को क्या संदेश देते हैं और कांग्रेस इस दौरे के बाद किन मुद्दों को लेकर भाजपा के खिलाफ अपनी रणनीति तेज करती है।