उत्तराखंड- यहां किराये के मकान में देह व्यापार का खुलासा, छह गिरफ्तार, नाबालिग रेस्क्यू
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला में किराये के मकान की आड़ में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है।
पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कथित रूप से रैकेट का सरगना भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को भी रेस्क्यू किया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर को मुखबिर से हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक किराये के मकान में छापा मारा। मौके से तीन महिलाएं और तीन पुरुष मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 18 हजार रुपये नकद, आपत्तिजनक सामग्री और दवाइयां बरामद करने का दावा किया है।
व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क का आरोप
पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि मकान किराये पर लेकर देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, रैकेट का कथित सरगना दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को ग्राहकों की मांग के अनुसार देहरादून बुलाता था।
ग्राहकों से व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किए जाने और महिलाओं की तस्वीरें भेजे जाने की बात भी पुलिस ने बताई है। ग्राहक की पसंद के बाद महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजे जाने का आरोप है।
मसूरी घुमाने के बहाने नाबालिग को देहरादून लाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, रेस्क्यू की गई नाबालिग को आरोपी के एक साथी ने दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। आरोप है कि देहरादून पहुंचने के बाद उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे कमरे में रोककर रखने का भी आरोप है। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू कर संरक्षण में लिया है।
पॉक्सो समेत इन धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने मामले में पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस अब कथित रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।