उत्तराखंड - यहां देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश, किराए के कमरे में चल रहा था कारोबार, 4 गिरफ्तार
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के कथित धंधे का पर्दाफाश किया है।
संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर एक स्थित एक मकान में किराए पर कमरा लेकर यह गतिविधि संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित रूप से धंधा संचालित करने वाली महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली थी कि संस्कृति लोक कॉलोनी में एक मकान के किराए के कमरे में देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया और पुलिस टीम गठित कर संबंधित मकान में छापा मारा गया।
पुलिस के अनुसार, मौके पर एक कमरे में एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से करती थी संपर्क
पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तार महिला अजमीरा ने मकान किराए पर लिया था और मोबाइल फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी। ग्राहकों को व्हाट्सएप पर महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। पुलिस के मुताबिक, ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार बाहरी जिलों और राज्यों से महिलाओं को बुलाया जाता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कथित गतिविधि से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अजमीरा और शेख अजीजल संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं, रजनी ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर और अन्नू हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पटेलनगर क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।