मौसम की खराबी के चलते राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द, वीडियो संदेश जारी कर जनता से मांगी माफी
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) कांग्रेस नेता राहुल गांधी का गुरुवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हो गया।
अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा में शामिल होने के लिए राहुल गांधी को हेलीकॉप्टर से पहुंचना था, लेकिन मौसम प्रतिकूल होने के चलते उड़ान संभव नहीं हो सकी। दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर प्रदेश की जनता से माफी मांगी।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि वह उत्तराखंड के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं, उम्मीदें और चिंताएं सुनना चाहते थे, लेकिन मौसम की गंभीर खराबी के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
उन्होंने बताया कि वह सुबह पंतनगर पहुंच गए थे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा रवाना होना था। हालांकि खराब मौसम को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने से इनकार कर दिया।
राहुल गांधी ने कहा, “आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था। आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था। दुर्भाग्य से मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।”
कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम थे प्रस्तावित
राहुल गांधी ने बताया कि उनके दौरे के दौरान उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों, युवाओं के भविष्य और राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होनी थी। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक और कोटद्वार में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम भी निर्धारित था।
सुरक्षा से बड़ा कुछ नहीं: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रकृति के आगे सभी को विनम्र रहना पड़ता है और यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कई बार परिस्थितियां हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे जनता के प्रति उनका जुड़ाव कम नहीं होता।
राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह जल्द ही फिर प्रदेश का दौरा करेंगे और इस बार पर्याप्त समय निकालकर लोगों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं आपसे वादा करता हूं कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा। तब हम विस्तार से बातचीत करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर चर्चा करेंगे।”