उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
देहरादून ( उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के 5 जिलों में आज बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इनमें गढ़वाल मंडल के 3 और कुमाऊं मंडल के 2 जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 3,300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है।
इसी तरह कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 20 से 22 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। 23 फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में फिर से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।