उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, चार दिन कई जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
14 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली चमकने की भी संभावना है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
15 अगस्त को भी बारिश से राहत के आसार कम
मौसम विभाग ने 15 अगस्त को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना है।
16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
16 अगस्त को मौसम का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता की जरूरत
लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।